गुरुवार, 22 मार्च 2012

कुछ लोग कह रहे हैं कि हमारा संतुलन बिगड़ गया है, वो बयान दोबारा पढ़ें : श्रीश्री

श्रीश्री रविशंकर आश्रम में श्रीश्री ने कहा कि हम इतने मूर्ख नहीं कि ये कहें कि सारे गवर्नमेंट स्कूल में नक्सलवाद पैदा हो रहा है, नक्सली क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के बच्चे अक्सर हिंसा से ग्रस्त
आर्ट ऑफ लिविंग के प्रणेता श्रीश्री रविशंकर ने कहा है कि मुख्य उद्देश्य ये नहीं है कि स्कूल सरकार चलाए या निजी संस्थाएं चलाएं। उद्देश्य ये है कि एक आदर्श व्यक्तित्व निकले। सारी निजी संस्थाएं बाजारीकरण नहीं हैं कई संस्थाएं सेवाभावी भाव से स्कूल चला रहे हैं। हम खुद भी स्कूल चला रहे हैं। 185 से ज्यादा हमारे स्कूल चल रहे हैं।
 जयपुर में प्रतापनगर सेक्टर-26 के श्रीश्री रविशंकर आश्रम में मीडिया से मुखातिब श्रीश्री ने मंगलवार को विवादित बयान के बारे में कहा कि जो नक्सलवाद से ग्रस्त क्षेत्र हैं वहां अक्सर यही पाया गया है। वहां सरकारी स्कूलों में पढ़े बच्चे अक्सर हिंसा से ग्रस्त पाए गए हैं। पूर्वांचल और यूपी के क्षेत्रों में पाया गया। अच्छा है राजस्थान में वो नक्सली प्रभाव नहीं। आदर्श विद्यालयों को मैंने ये प्रेरणा दी कि आप नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अपने संस्थान खोले। हम इतने मूर्ख नहीं कि ये कहें कि सारे गवर्नमेंट स्कूल्स में नक्सलवाद पैदा हो रहा है। किसी भी स्कूल को जनरलाइज नहीं करते हैं। मैं बहुत सोच समझकर बोलता हूं। कुछ लोग ये कह रहे हैं कि हमारा संतुलन बिगड़ गया है वो हमारा बयान दुबारा पढ़ें। हमने ये नक्सली क्षेत्रों के लिए कहा था। वहां कुछ रुग्ण विद्यालय हैं जिनसे इस तरह के तत्व बाहर निकल के आए हैं। उन विद्यालयों के निजीकरण पर मैंने जोर दिया है।
 नक्सल प्रभावी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में नैतिकता की कमी     नक्सल प्रभावी क्षेत्रों में स्कूल ढंग से नहीं चल रहे वहां नैतिकता की शिक्षा नहीं दी जा रही। जब हम वहां दौरे पर थे और छोटे-छोटे बचें से बात की, कि आगे बड़े होकर क्या करना चाहते हो, तो अधिकांश बच्चों ने ये कहा कि नक्सल बनना चाहता हूं। ये नक्सली बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़े हुए थे। मैंने ऐसे क्षेत्रों में आदर्श विद्या मंदिर खोलने के लिए कहा।
 अपवाद हर जगह मिलते हैं अयोध्या के दौरे के दौरान प्राइवेट स्कूल के एक बच्चे द्वारा टीचर को गोली मारने की घटना के सवाल के बारे में श्रीश्री ने कहा कि  अपवाद हर बात में है ये जरूरी नहीं कि सभी प्राइवेट स्कूलों में अच्छा हो। वो एक मोरल और कमिटमेंट और जिम्मेदारी लेकर बच्चों को सिखाते हैं। जो सरकारी स्कूलों में नहीं दिखाई देता।
 उत्तरी व पूर्वांचल क्षेत्रों में शिक्षा पद्धति में काफी सुधार की जरूरत
 नक्सली क्षेत्रों में बच्चों को वो ही आदर्श लगता है। वहां ये सिखाया जाता है कि तुम अपने बल पर ही राज करोगे। झारखंड में, छत्तीसगढ, आंध्रप्रदेश के कई इलाकों में जाकर दौरे करो और विश्लेषण करो। वहां कई जगह ऐसा मिलेगा कि शिक्षा पद्धति में काफी सुधार की आवश्यकता है। विवाद उठाने हैं तो किसी भी बात पर उठा सकते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
 शिक्षा पद्धति में हो सुधार ज्यादा से ज्यादा लोग जिम्मेदारी से स्कूलों में काम करने के लिए आगे बढ़ें। वर्तमान में शिक्षा पद्धति में कई सुधार की आवश्यकता है। इसके साथ-साथ टीचर्स ट्रेनिंग की जरूरत भी है।

नव संवत 2069 : एक सदी बाद राजा-मंत्री के दोनों पद पर काबिज हुआ शुक्र। बदला ग्रहों का मंत्रिमंडल

नव संवत 2069 इस बार एक सदी बाद अनूठा संयोग लेकर आया है। इस संवत के ग्रहों का मंत्रिमंडल शुक्रवार को बदल गया। शुक्र के इस वार में राजा और मंत्री के दोनों ही पदों पर दैत्य गुरु शुक्र काबिज हो गए हैं। ज्यातिष शास्त्रीयों का मानना है कि नया संवत आधुनिक तकनीक व नवीन आविष्कार देने वाला रहेगा।

ज्योतिषविदों की मानें तो राजा और मंत्री दोनों के पद शुक्र को मिलने का ऐसा संयोग एक सदी पहले तक देखने को नहीं मिला।16 साल बाद संवत 2086 में वापस शुक्र को राजा व मंत्री के पद पर रहने का अवसर मिलेगा। पं. बंशीधर जयपुर पंचांग निर्माता पं. दामोदर प्रसाद शर्मा के अनुसार हालांकि दोनों पदों पर एक ग्रह के आसीन रहने का अवसर तो कई बार आया,मगर शुक्र को यह अवसर एक सदी बाद मिला। विश्वावसु नाम का यह संवत्सर प्रजा में आध्यात्मिक रुचि व आस्था बढ़ाने वाला साबित होगा। वहीं लोगों में सत्ता के प्रति रोष रहेगा। धातुओं में तेजी, आर्थिक स्थिति में मजबूती और सुख-शांति देने वाला रहेगा। नए संवत में रोहिणी का वास पर्वत पर होने से कहीं-कहीं वर्षा में कमी के संकेत मिलेंगे, तो समय का वास कुंभकार के पास होने से भ्रष्टाचार में बढ़ोतरी होगी। समय का वाहन मेंढक अच्छी वर्षा के संकेत मिलेंगे।

इनसे छिनी सत्ता

संवत 2068 के दुर्गेश, मेघेश और धनेश बुध नव संवत में तीनों पदों से विहीन हो गए। वहीं इस बार इन्हें कोई पद नहीं दिया गया है। बुध के सभी पद गुरु के पास आ गए हैं। इस संवत के राजा चंद्रमा से राजा का पद छिन गया है।

ये है मंत्रिमंडल
राजा : शुक्र, मंत्री : शुक्र, सश्येश: चंद्रमा, मेघेश, फलेश व दुर्गेश : गुरु, रसेश : मंगल, धनेश व नीरसेश : सूर्य, धान्येश : शनि।

इन संवतों में राजा-मंत्री समान

अब तक यूं रहेसंवत 2063 : गुरु, संवत 2048 : सूर्य, संवत 2046 : गुरु, संवत : 2040 : गुरु, संवत 2029 : गुरु, संवत 2023 : बुध, संवत 2006 : बुध, संवत 2004 : सूर्य, संवत 1981 : शनि।

आगे यूं रहेंगे
संवत 2071 : चंद्रमा, संवत 2078 : मंगल, संवत 2082 : सूर्य, संवत 2084 : बुध, संवत 2086 : शुक्र।

रविवार, 27 नवंबर 2011

इतिहास में दूसरी बार मकर संक्रांति 15 को

अब प्रत्येक दो साल के अंतराल में 15 को ही मनेगा यह पर्व
--------------------------------------------------

इतिहास में दूसरी बार मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाई जाएगी। अब तक मकर संक्रांति का पर्व 14 जनवरी को मनाया जाता था, मगर इस साल ये पर्व 15 जनवरी को दिन मनाया जाएगा। ज्योतिषविदों व खगोलविदों की राय में ऐसा पृथ्वी और सूर्य की गति में परिवर्तन के कारण होगा। हालांकि 2012 (लीप इयर) के बाद संक्रांति अगले दो साल तक 14 जनवरी को ही मनेगी। इसके बाद इसी क्रम में दो साल तक 15 जनवरी और फिर दो साल 14 जनवरी को मनाई जाएगी। ज्योतिषविदों के मुताबिक शास्त्रों में 14 जनवरी को ही मकर संक्रांति होने का कोई उल्लेख नहीं है, ये तो सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ जुड़ा हुआ पर्व है। हुआ यूं कि 14 जनवरी निकल जाने के बाद रात्रि 12 बजकर 58 मिनट पर सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेगा। इसलिए मकर संक्रांति इस बार 14 जनवरी के बजाय 15 जनवरी को मनाई जाएगी।
पं.बंशीधर जयपुर पंचांग निर्माता पं. दामोदर प्रसाद शर्मा व ज्योतिषाचार्य चन्द्रमोहन दाधीच के मुताबिक 15 जनवरी को ही पुण्यकाल होगा। सूर्यास्त से एक घंटे 12 मिनट बाद यदि सूर्य मकर राशि में प्रवेश करे तो मकर संक्रांति अगले दिन ही मनाई जाती है एवं पुण्य काल भी उसी दिन रहता है। सुनने भले ही ये अजीब लगे लेकिन वर्ष 2012 में ऐसा ही हो रहा है। 15 जनवरी को आ रही मकर संक्रांति को लेकर ज्योतिषियों व आम लोगों में हलचल शुरू हो गई है। पिछली शताब्दियों में सूर्य का मकर राशि में प्रवेश अलग-अलग तारीखों में होता रहा है लेकिन 19वीं व 20वीं शताब्दी के बाद ये दूसरा मौका है जब सूर्य 15 जनवरी को मकर राशि में प्रवेश कर रहा है इससे पहले वर्ष 2008 में 14 जनवरी की अद्र्धरात्रि बाद 12 बजकर 09 मिनट पर सूर्य ने मकर राशि में प्रवेश किया था। लेकिन इस बार 2008 के संयोग से भी 49 मिनट बाद सूर्य मकर राशि में प्रवेश कर रहा है। ऐसा दो शदी के बाद पहला संयोग है। संक्रांति का पुण्य काल तो 15 जनवरी को बीते सालों में कई बार आया है लेकिन 15 जनवरी को सूर्य का मकर राशि में इतनी देर से प्रवेश पहली बार हो रहा है। इसका पुण्य काल अगले दिन 15 जनवरी को प्रात:काल सूर्योदय से सांयकाल 4 बजकर 58 मिनट तक रहेगा। मकर संक्रांति की तारीख बदलने से इस दिन होने वाले धार्मिक आयोजन और दान-पुण्य भी 15 जनवरी को ही किए जाने चाहिए।  

यूं मनाई मकर संक्रांति
--------------------------

सन् 290 : 22 दिसंबर 16वीं व 17वीं शताब्दी में 9 व 10 जनवरी को 17वीं व 18वीं शताब्दी : 11 व 12 जनवरी 18वीं व 19वीं शताब्दी : 13 व 14 जनवरी 19वीं व 20वी शताब्दी : 14 व 15 जनवरी अब आगे ऐसे मनेगी संक्रांति 21वीं व 22 शताब्दी : 14, 15 व 16 जनवरी
 
'योतिषीय मत


---------------------

पं. बंशीधर जयपुर पंचांग निर्माता दामोदर प्रसाद शर्मा के मुताबिक पृथ्वी की गति प्रतिवर्ष 50 विकला (5 विकला =2 मिनट) पीछे रह जाती है, वहीं सूर्य संक्रमण आगे बढ़ता जाता है। हालांकि लीप ईयर में ये दोनों वापस उसी स्थिति में आ जाते हैं। इस बीच प्रत्येक चौथे वर्ष में सूर्य संक्रमण में 22 से 24 मिनट का अंतर आ जाता है। यह अंतर बढ़ते-बढ़ते 70 से 80 वर्ष में एक दिन हो जाता है। इस कारण मकर संक्रांति का पावन पर्व वर्ष 2080 से लगातार 15 जनवरी को ही मनाया जाने लगेगा।  

खगोलीय मत
 -------------------

बी.एम.बिडला प्लेनेटोरियम के सहायक निदेशक संदीप भट्टाचार्य के मुताबिक मकर संक्रांति का अंतर पृथ्वी की आयन गति के कारण होता है। इस कारण आसमान का वर्नल इक्वीनोक्स (वैज्ञानिक गणना का एक काल्पनिक बिंदु) धीरे-धीरे खिसकता रहता है। यह 26 हजार साल में एक बार आसमान का एक चक्कर पूरा करता है जो हर साल 52 सैकंड आगे खिसक जाता है। समय के साथ बदलाव जुड़ते-जुड़ते करीब 70 से 80 साल में एक साल आगे बढ़ जाता है।

शनिवार, 10 सितंबर 2011

हाइटैक हुआ पितरों के निमित्त तर्पण



प्रवासी भारतीय इंटरनेट के जरिए शहर के पंडितों से करा रहे हैं तर्पण
अब पितृों के लिए तर्पण की विधि भी हाइटेक हो गई है। प्रवासी भारतीय इंटरनेट के माध्यम से शहर के पंडितों के दिशा-निर्देशों पर वहां पर पितृों के निमित्त तर्पण कर रहे हैं।
इन लोगों का मानना है कि देश से दूर रहकर भी वह संस्कार को आसानी से दिलोदिमाग से नहीं निकाल सकते। यहां की मर्यादाएं आज भी हमें अपने कर्तव्यों का निर्वाह करने की याद दिलाती है।
यूं करते हैं पितृ तर्पण
निश्चित तिथि पर थाली में संकल्प स्वरूप पकवान आदि रखकर और अक्षत, पुष्प व चंदन से वेब कैमरे के माध्यम से पंडितों के निर्देशानुसार पितरों के लिए श्राद्ध, तर्पण व दान आदि करते हैं। भारतीय समय व विदेशी समय के बीच तालमेल बैठाकर जयपुर के पंडित इंटरनेट के माध्यम से तर्पण करवाते हैं।
संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ा घ् गुरुकुल वेदाश्रम के संस्थापक मनोहर चतुर्वेदी के अनुसार विदेशों में रहने वाले भारतीयों में अपनी संस्कृति और पूर्वजों के प्रति श्रद्धाभाव बढ़ा है। भारतीय समयानुसार लंदन में उद्योगपति ध्रुवसिंह ने शाम को तर्पण करवाया था।
समय का अभाव, इंटरनेट का रुझान - पंडित पुरुषोत्तम गौड़ के अनुसार वर्तमान में समय की कमी और इंटरनेट के प्रति बढ़ते रुझान ने भी पितृ तर्पण की विधि को हाइटेक बना दिया है। इन दिनों विदेशों में रहने वाले कई प्रवासी भारतीय पितृ तर्पण करा रहे हैं। अब तक चार प्रवासी भारतीयों का इंटरनेट के माध्यम से तर्पण करवा चुका हूं।
केस-1
पितृों को तर्पण करना जरूरी है। श्राद्ध पक्ष के अलावा दीपावली पर भी ऑनलाइन पूजा पाठ कराते हैं-ध्रुव सिंह तौमर, लंदन।
केस-2
यहां समय का अभाव और पंडित नहीं मिलने से ऑनलाइन पितृ पक्ष के दौरान पूजा करानी पड़ी। -एस.एन.गुप्ता, अमेरिका।
केस-3
अपनी मर्यादा को बनाए रखने तथा पितृों को याद करते हुए उनके लिए तर्पण करना बहुत जरूरी है।-विजया शर्मा, लंदन।
केस-4
यह पक्ष पूर्णिमा से अमावस्या तक ही आता है। इस दौरान शुभ कार्य बाधित होते हैं और पितृों का आशीर्वाद जरूरी होता है-सिया देवी, सिंगापुर।

रविवार, 10 जुलाई 2011

आस्था की छतरियों पर खड़ी होगी मीनार




दादूपंथी गोविंददासजी का बाग का मामला : महंत माधोदास के शिष्य ने किया किया प्राचीन छतरियां हटाकर विकास के नाम पर बिल्डिंग बनाने का कॉलोबरेशन।
----------------------------------------
-राजपरिवार ने की थी दादूपंथी राजगुरुओं को दान।
-वर्तमान में बाग में बड़े-बड़े संतों की करीब 10 छतरियां।
-राजगुरु महंत माधोदास की वसीयत के मुताबिक किसी की भी निजी संपत्ति नहीं।
----------------------------------------
शहर के बीचों बीच स्थित दादूपंथी गोविंददासजी का बाग में बनी दादूपंथी संतों की छतरियों पर अब मीनार खड़ी होगी।
रामनिवास बागसे मोतीडूंगरी रोड पर बने इस बागकी जमीन दादूपंथी राजगुरुओं को राजपरिवार ने दान की थी। इस बागमें दादूपंथी संत गोविंददास की समाधि के अलावा अन्य दस संतों की चरण छतरियां बनी हैं इन छतरियों के पास ही कई दादूपंथी अनुयायियों का सत्संगहोता था। अनूठी कलाओं को बिखेरते इस बागकी कलाकृति को बिखेर वर्तमान महंत कैलाशदास ने इस भूमि का कोलोबरेशन कर विकास कार्य के नाम पर फ्लैट्स बनाने की तैयारी कर दी है। पिछले एक माह से जारी इस कार्य में बागमें जगह-जगह स्थापित संतों के चरण चिह्नों को नष्ट कर दिया और अब पीछे स्थित छतरी को तोडऩे की तैयारी चल रही है।
ये महंत माधोदास की वसीयत
वर्ष 1972 में पंथ की प्रथा के मुताबिक राजगुरु महंत माधोदास ने स्वास्थ्य खराब होने पर एक वसीयत तैयार की और वर्तमान दादूपंथी संत कैलाश दास को अपना शिष्य घोषित किया। वसीयत के मुताबिक महंत माधोदास ने अपने शिष्य कैलाश दास को ठिकाना महंत गोविंददासजी देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी। महंत माधोदास की वसीयत के मुताबिक गोविंददासजी का बागको ठिकाने के गद्दीधारी महंतों का दाह संस्कार के लिए घोषित किया और किसी भी प्रकार से निजी संपत्ति करार देकर हस्तांरित नहीं करने की बात लिखी है।

इनका कहना है
-नरैना धाम के दादूपंथी संत महंत गोपालदास ने बताया कि यह दादू संप्रदाय की पीठ है इसके महंत माधोदास ने अपनी वसीयत में साफतौर पर निजी संपत्ति करार देकर हस्तांतरित नहीं करने की बात कही है। वर्तमान में यहां चरण छतरियों को तोड़कर फ्लैटस बनाने का फैंसला संप्रदाय के विरुद्ध है।
-महंत कैलाशदास का कहना है कि बाग में विकास कार्य किया जा रहा है इसमें फ्लैट्स बनाए जा रहे हैं।

शनिवार, 11 सितंबर 2010

गणपति चतुथी : ईद-उल-फितर-33वर्ष बाद एक साथ



बाराने रहमत के साथ नमाजियों का इस्तकबाल
भोर होते ही पक्षियों की चहचहाहट के साथ रिमझिम बारिश की बूंदों का आगमन। प्रथम पूज्य गणेश के दर्शनों के लिए भक्तों की कतार और श्रद्धा का अटूट नजारा। वहीं दूसरी ओर ईद—उल—फितर के पावन पर्व पर अकीदतमंदों बारगाह-ए-यजदी में सजदा। गणपति के मंत्रों की अविरल धारा और ईद के पावन मौके पर खुदा की बारगाह में अकीदतमंदों के सजदे के बीच मानो इंद्रदेव भी उनके अभिवादन में उमड़ पड़े। ईद और गणेश चतुर्थी का पर्व 33वर्ष बाद एक साथ आया। अब यह पावन मौका 99 साल बाद आएगा।
प्रणम्ये शीर्षादेवं गौरीपुत्र विनायकं....
गणेश चतुर्थी पर मानो पूरा शहर प्रथम पूज्य की अगवानी में डूब गया हो। शहर के प्रमुख गणेश मंदिरों के अलावा घर—घर में सुबह से ही गौरीपुत्र की महिमा का गान शुरू हो गया।
मोतीडूंगरी गणेशजी मनोहारी पोशाक में नजर आए। वहीं भगवान गणेश स्वर्णमंडित मुकुट और चांदी की धोती में आकर्षक मुद्रा में नजर आ रहे थे। इस अवसर पर मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में महंत कैलाश शर्मा के सान्निध्य में विभिन्न झांकियों में मनोहारी पोशाकों के साथ आरती की गई। इसके अतिरिक्त गणेश चतुर्थी पर गढ़ गणेश मंदिर, लाल डूंगरी गणेश मंदिर, नहर के गणेश मंदिर, सिद्धि विनायक मंदिर, दिल्ली रोड के बंगाली बाबा आत्माराम ब्रह्मचारी गणेश मंदिर सहित शहरभर के मंदिरों में विभिन्न आयोजन हुए। इस दौरान मंदिरों में मेले का सा माहौल रहा।
मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में तड़के से ही भक्तों की लाइन लगी रही। प्रथम पूज्य की एक झलक देखने के लिए भक्त उत्साह के साथ आगे बढ़ते ही जा रहे थे। बारिश के कारण दोपहर 12 बजे तक भक्तों की संख्या बहुत कम थी। वहीं दोपहर बाद 2 बजे से पासधारकों की लाइन भी लंबी नजर आई। इस बीच तख्तेशाही रोड तक भक्तों की लंबी कतार दिखाई दी।
अल्लाह के बादगाने में ईद का शुक्राना
ईद-उल-फितर के पावन पर्व पर दिल्ली रोड स्थित ईदगाह में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की व खुदा से देश में खुशहाली की दुआ मांगी। इस बीच बाराने रहमत के साथ नमाजियों का इस्तकबाल हुआ।
मुख्य नमाज के लिए ईदगाह में सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। हर कोई आगे की पंक्ति में बैठने के लिए उत्सुक था। सुबह फजर की नमाज के बाद ही घरों में ईद की नमाज की तैयारियां शुरू हो गई थी। युवा, बड़े और यहां तक कि छोटे बच्चे भी नमाज के लिए ईदगाह पहुंचे। सुबह आठ बजते ही रामगंज, घाटगेट, चार दरवाजा, आगरा रोड तथा गलता गेट के रास्तों में नमाजियों का रैला था। ऐसा लग रहा था कि पूरा शहर ही ईदगाह की ओर चल दिया हो।
चीफ काजी खालिद उस्मानी ने खुतबा दिया व नमाज अदा करवाई। चीफ काजी ने कहा कि गणपति चतुर्थी व ईद का एक साथ होना ईश्वर का संदेश है। वह बताना चाहता है कि हिंदू-मुस्लिम एक ही पंथ हैं यह किसी सीमा में बंधे हुए नहीं है। देश दुनिया में इसीलिए भारत की पहचान है कि हिंदू-मुस्लिम आपसी भाईचारे से सभी पर्व मनाते हैं। शहर मुफ्ती अहमद हसन फितरे की अहमियत पर प्रकाश डाला। मौलवी महफूज नासिर व मोहम्मद जाकिर ने तकरीर पेश की।
दूसरी ओर जौहरी बाजार स्थित जामा मस्जिद में इमाम मुफ्ती अमजद अली ने नमाज अदा करवाई। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार अल्लाह की बादगाने में शुक्राने के तौर पर है। इस मौके पर जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी के सचिव अनवर शाह ने मुल्क की तरक्की की दुआ मांगी। आमेर रोड पर शिया जामा मस्जिद में मौलाना सैयद नाजिश अकबर काजमी साहब ने नमाज अदा करवाई। नमाज के बाद नमाजियों ने गिले-शिकवे दूर कर एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी।

शनिवार, 28 अगस्त 2010

जन्माष्टमी उत्सव पर असमंजस!


जन्माष्टमी को लेकर इस बार असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पंचांगों के मुताबिक जन्माष्टमी का पर्व 1 सितंबर को मनाया जाएगा, जबकि गौडिय़ संप्रदाय के मुताबिक जयपुर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में यह उत्सव 2 सितंबर को मनाया जाएगा।
शास्त्रों के मुताबिक भगवान कृष्ण का जन्म अष्टमी, रोहणी नक्षत्र व अद्र्धरात्रि में हुआ था। इसे देखते हुए पंचांगों के मतानुसार जन्माष्टमी का पर्व 1 सितंबर को मनाया जाएगा। मगर गोविंददेवजी मंदिर में जन्माष्टमी का यह पर्व 2 सितंबर का मनाए जाने और पंचांगों के मत अलग-अलग होने से जन्माष्टमी पर्व मनाने को लेकर असमंजस रहेगा। हालांकि कृष्ण की नगरी मथुरा व वृंदावन में भी यह पर्व 2 को ही मनाया जाना है। मगर तिथियों की स्थिति कृष्ण जन्म के उत्सव की घड़ी को मनाए जाने पर सवाल खड़ कर रही है?
पं.बंशीधर जयपुर पंचांग निर्माता पं.दामोदर प्रसाद शर्मा के मुताबिक हर साल उदियात तिथि के आधार पर गोविंद देवजी में रोहणी युक्त अद्र्धव्यापिनी अष्टमी तिथि में जन्माष्टमी पर्व मनाया जाता है। लेकिन इस बार 2 सितंबर को अद्र्धरात्रि में नवमी तिथि रहेगी व मृगशिरा नक्षत्र रहेगा। इसलिए 1 सितंबर को जन्माष्टमी पर्व मनाना ही श्रेष्ठ रहेगा।
राजस्थान ज्योतिष परिषद के महासचिव डॉ. विनोद शास्त्री के अनुसार जन्माष्टमी का पर्व तो अद्र्धव्यापिनी तिथि में रोहिणी नक्षत्र और अष्टमी में ही मनाया जाना चाहिए। ज्योतिषी दिनेश मिश्रा ने बताया कि भगवान कृष्ण की जन्म की तिथि के अनुसार अद्र्धरात्रि में रोहणी नक्षत्र होने पर ही मनाया जाना श्रेष्ठ माना गया है।
पंचांगों मे ये है तिथि का फेर
सप्तमी तिथि 1 सितंबर को सुबह 10.51 तक रहेगी। इसके बाद अष्टमी तिथि शुरू होगी, जो 2 सितंबर को सुबह10.43 तक रहेगी। इसके बाद नवमी तिथि शुरू हो जाएगी। वहीं रोहिणी नक्षत्र 1 सितंबर को दोपहर 1.19 से शुरू होगा, जो 2 सितंबर को दोपहर 1.47 बजे तक रहेगा। इसके बाद मृगशिरा नक्षत्र शुरू हो जाएगा।